खैरागढ़। बाजार अतरिया क्षेत्र के जोरातराई के पास राधा स्वामी सत्संग ब्यास भवन के समीप एक लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्रथम दृष्टया शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि लाश करीब 2 से 3 दिन पुरानी है और सड़ी-गली अवस्था में पड़ी हुई थी।
मृतक की पहचान अवधराम निषाद (उम्र 30 वर्ष), पिता बिसारद निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले 2–3 वर्षों से ठेकेदार के यहां ट्रैक्टर-लोडर वाहन चलाने का काम करता था।
🔍 घटना से पहले क्या हुआ?
मिली जानकारी के अनुसार, 17 मार्च की शाम अवधराम निषाद साल्हे खुर्द से अपने घर के लिए निकला था। उसके साथ एक अन्य ड्राइवर भी था। बताया गया कि निकलने से पहले उसने शराब पी थी और उसके पास मोबाइल फोन भी था।
परिजनों के अनुसार, जब वह रात तक घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की गई। अगले दिन छुईखदान थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
⚠️ जांच में जुटी पुलिस
लाश मिलने की सूचना के बाद जिले की पुलिस टीम के साथ छुईखदान, खैरागढ़ और जालबांधा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
👉 हत्या या हादसा?
शव की हालत और परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।


