बलौदा बाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरवे में पिछले कुछ महीनों से हो रही रहस्यमयी मौतों की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में गांव का ही एक व्यक्ति कथित तौर पर आठ लोगों की हत्या और एक व्यक्ति की हत्या के प्रयास का आरोपी निकला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार फरवरी से मई 2026 के बीच गांव में लगातार कई संदिग्ध मौतें हुईं, जिससे ग्रामीणों में भय और आशंका का माहौल बन गया था। मामले ने तब गंभीर रूप लिया जब ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को आवेदन देकर गांव के एक व्यक्ति पर संदेह व्यक्त किया।
जांच के दौरान पुलिस ने कई मामलों में शवों को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक परीक्षण कराया। वैज्ञानिक जांच, ग्रामीणों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर वारदात का आरोप
पुलिस जांच में आरोप है कि आरोपी अपने परिचित लोगों के साथ बैठकर शराब पीता था और मौका मिलने पर उसमें जहरीला पदार्थ मिला देता था। इससे पीड़ितों की तबीयत बिगड़ती थी और बाद में उनकी मौत हो जाती थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी लोगों का विश्वास जीतने के लिए बीमार होने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाने तथा अंतिम संस्कार में शामिल होने जैसे काम भी करता था।
अलग-अलग कारणों से बनाई गई साजिश
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने व्यक्तिगत रंजिश, आपसी विवाद, कर्ज, अपमान, संदेह और अंधविश्वास जैसी वजहों से अलग-अलग लोगों को निशाना बनाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान कई घटनाओं के संबंध में जानकारी दी है।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
अधिकारियों के अनुसार शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुद को निर्दोष बताया, लेकिन लगातार पूछताछ, तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के बयानों के बाद वह पुलिस के सवालों का जवाब नहीं दे सका। इसके बाद मामले में महत्वपूर्ण खुलासे हुए।
हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आठ हत्याओं और एक हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
DNnews
खबर वही, जो लगे सही



