भजन-कीर्तन और शोभायात्रा के साथ बाजार अतरिया में मना सदगुरु कबीर प्राकट्य उत्सव
खैरागढ़। खैरागढ़ विकासखंड के बाजार अतरिया में इस वर्ष पहली बार सदगुरु कबीर साहब के 628वें प्राकट्य उत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। यह आयोजन 29 जून 2026 (सोमवार) को अवन्ति चौक में सदगुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन, आमीन माता महिला मंडल, नवयुवक मंडल एवं समस्त क्षेत्रवासियों के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे भजन-कीर्तन एवं सत्यनाम धुन के साथ भव्य शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नगर के प्रमुख मार्गों से निकली इस शोभायात्रा के दौरान सदगुरु कबीर साहब के मानवता, प्रेम, भाईचारा, सामाजिक सद्भाव, नशामुक्ति, तनावमुक्त जीवन तथा आदर्श समाज निर्माण के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
आयोजकों ने बताया कि सदगुरु कबीर साहब की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उनका संदेश आपसी प्रेम, समानता, सदाचार, सामाजिक समरसता और पारिवारिक सुख-शांति की प्रेरणा देता है। इसी उद्देश्य से प्राकट्य उत्सव का आयोजन किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।
उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन के लिए विशाल भोजन-भंडारे का आयोजन किया गया। राहगीरों को भी खीर-पूड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही भुरभुसी-गंडई से आए संतों द्वारा ग्रंथ वाचन एवं सत्संग का आयोजन किया गया, जिसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम में ग्राम के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ परिक्षेत्र, तहसील एवं जिला स्तर के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। आमीन माता महिला मंडल की सदस्यों ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक एकता का भाव देखने को मिला तथा सदगुरु कबीर साहब के मानव कल्याण एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

