खैरागढ़ | ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुतेड़ा में पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। ग्राम पंचायत के निर्वाचित पंचों ने सरपंच श्रीमती गीतांजलि देवांगन के खिलाफ पंचायती राज अधिनियम 1993 के तहत अविश्वास प्रस्ताव लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पंचायत के पंचों ने सरपंच की कार्यशैली पर असंतोष जताते हुए अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पंचायत संचालन, विकास कार्यों में अनियमितता, पारदर्शिता की कमी तथा पंचों की अनदेखी जैसे आरोप लगाए गए हैं।
पंचों का कहना है कि पंचायत के अधिकांश कार्यों में उनकी राय नहीं ली जाती और निर्णय एकतरफा तरीके से किए जा रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा से नाराज होकर पंचों ने यह कदम उठाया है।
सूत्रों के मुताबिक, 27 अप्रैल को ग्राम पंचायत मुतेड़ा के 17 वार्डों के पंचों के हस्ताक्षर के साथ आवेदन प्रस्तुत किया गया। पंचों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमानुसार आगामी पंचायत बैठक बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया जाए।
वहीं, अविश्वास प्रस्ताव की खबर सामने आते ही पंचायत की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। क्षेत्र में लगातार बैठकों और चर्चाओं का दौर जारी है।
अब सबकी नजर प्रशासनिक प्रक्रिया और आगामी निर्णय पर टिकी हुई है। यदि आवेदन नियमानुसार सही पाया जाता है, तो आने वाले दिनों में ग्राम पंचायत मुतेड़ा की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
ग्राम पंचायत मुतेड़ा के पंचों द्वारा हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्रशासन को सौंपा गया है। इस संबंध में एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो चुका है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टंकेश्वर प्रसाद साहू
अनुविभागीय अधिकारी खैरागढ़


