रायगढ़। बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम और प्रदेश की मेरिट सूची में रायगढ़ ब्लॉक के विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायगढ़ के तत्वावधान में दो दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में 23 और 25 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय स्थित सेजेस नटवर हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित इस कार्यशाला में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के 90 प्लस अंक प्राप्त करने की क्षमता रखने वाले मेधावी विद्यार्थियों को परीक्षा की बेहतर तैयारी के गुर सिखाए गए।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता, उत्तर लेखन शैली, समय प्रबंधन एवं परीक्षा संबंधी कौशल को निखारना था, ताकि वे बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बना सकें। इसके लिए रायगढ़ ब्लॉक के चयनित विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओं ने विद्यार्थियों को विषयवार मार्गदर्शन दिया।
विशेषज्ञों ने बताए बेहतर अंक प्राप्त करने के तरीके
कार्यशाला में राजेंद्र कलेत ने ऊर्जा की कमी दूर करने, तनावमुक्त रहकर अध्ययन करने और उत्तर लेखन में अंक के अनुरूप शब्द सीमा निर्धारित करने की जानकारी दी। अभय पाण्डेय ने प्रश्नों की पूर्ण तैयारी, कमजोर पक्षों की पहचान और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया। अनुपमा तिवारी ने समय प्रबंधन एवं नियमित लेखन अभ्यास का महत्व बताया, वहीं जितेंद्र पटेल ने समय-सारिणी बनाकर पढ़ाई करने, प्रतिदिन के कार्यों की सूची तैयार करने और संतुलित खान-पान अपनाने की सलाह दी।
अंग्रेजी विषय के व्याख्याता बिनेश भगत ने ब्लूप्रिंट आधारित तैयारी, सीबीएसई स्तर की प्रश्न शैली, प्रश्नपत्र हल करने की रणनीति तथा साफ-सुथरे और प्रभावी उत्तर लेखन के बारे में विस्तार से बताया। सुनील खेस ने कठिन प्रश्नों को समझकर सटीक उत्तर लिखने की तकनीक समझाई। नेहा कौशिक ने मेरिट सूची में स्थान बनाने के लिए क्या करें और क्या न करें, इस पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
पिंकी राय ने कला संकाय के महत्व को रेखांकित करते हुए इसे कमतर नहीं आंकने की बात कही। उन्होंने बताया कि कला संकाय के विषय सिविल सेवा परीक्षाओं जैसे IAS और PSC की तैयारी में भी महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। साथ ही आत्मविश्वास को सफलता का मूल मंत्र बताया। मीनाक्षी देवांगन ने विषयों की गंभीरता को समझते हुए नियमित अध्ययन और घटनाक्रमों को गहराई से समझने की सलाह दी।
राजेश पटेल ने प्रेरणादायक गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास जगाया। दीपक मेहर ने वाणिज्य विषय में बेहतर अंक अर्जित करने के तरीके बताते हुए विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत और करियर के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
शिवचरण पटेल ने आदर्श उत्तर लेखन के संबंध में 'First Impression is Last Impression' का महत्व बताते हुए प्रश्नों को क्रमवार हल करने, अनावश्यक विस्तार से बचने, समय प्रबंधन और प्रश्नों की सही समझ के साथ सटीक उत्तर लिखने पर जोर दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
कार्यशाला का जायजा लेने जिला शिक्षा अधिकारी एस.एन. साहू एवं एपीसी अभय पाण्डेय भी पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों के बीच उपस्थित होकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने के लिए प्रेरित किया।
66 विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन, आगे भी होगी कार्यशाला
कार्यशाला के संयोजक एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल ने आयोजन के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इनमें जितेंद्र पटेल (भौतिकी), राजेंद्र कलेत (भौतिकी), अनुपमा तिवारी (जीवविज्ञान), शिवचरण पटेल (अर्थशास्त्र), नेहा कौशिक (गणित), दीपक मेहर (वाणिज्य), पिंकी राय (राजनीतिशास्त्र), विजय लक्ष्मी साहू (रसायनशास्त्र), ऊषा किरण श्रीवास (संस्कृत), बिनेश भगत (अंग्रेजी), सुनील खेस (हिंदी), राजेश कुमार पटेल (भूगोल), रामकृष्ण साहू (हिंदी), राकेश दुबे (रसायनशास्त्र) एवं अंजू देवांगन (अर्थशास्त्र) शामिल रहे।
इस कार्यशाला में रायगढ़ ब्लॉक के 9 से 10 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 12वीं के कुल 66 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। संजय पटेल ने सभी विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन और मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह भी बताया कि अर्धवार्षिक परीक्षा के बाद विद्यार्थियों की तैयारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर एक और कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
इस पहल से विद्यार्थियों को न केवल परीक्षा की तैयारी के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन मिला, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मिली।


