खैरागढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 23 नवंबर को आबकारी वृत्त खैरागढ़ की टीम ने ग्राम भरतपुर में कार्रवाई करते हुए 7.5 बल्क लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब जब्त की है। मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयुक्त श्री पदुम सिंह एल्मा एवं कलेक्टर श्री इंद्रजीत चन्द्रवाल के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री सीआर साहू के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीम अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध गश्त कर रही थी। इसी दौरान आबकारी उपनिरीक्षक एवं वृत्त प्रभारी अतुल देवांगन के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से ग्राम भरतपुर, थाना गातापार में अवैध महुआ शराब रखे जाने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। इस दौरान आरोपी के कब्जे से 7.5 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब बरामद की गई। विभाग ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण कायम किया और उसे जेल निरुद्ध किया।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रियंक ठाकुर, आरक्षक आकाश कोमरे एवं प्रिया ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


