राजनांदगांव। बीजेपार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक नाचा-गम्मत की विरासत को सहेजने के उद्देश्य से ग्राम बीजेपार में 23 नवंबर 2026 को भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी गंवईहा लोकनाट्य संस्था मोहंदी, जिला राजनांदगांव के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
युवा रंगकर्मी एवं कला साधक परमेश्वर के निर्देशन में कलाकारों ने पारंपरिक नाचा-गम्मत की जीवंत प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ी लोकभाषा, पारंपरिक गीत-संगीत, शानदार अभिनय, हास्य-विनोद और लोकजीवन से जुड़े प्रसंगों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति पर दर्शक देर तक तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन करते रहे। पूरी सांस्कृतिक संध्या लोक रंग और छत्तीसगढ़ी परंपरा के नाम रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने वाले महान कला साधकों के स्मरण के साथ किया गया। इस दौरान विख्यात लोककला साधक स्वर्गीय मंदराजी जी, कला पुरोधा स्वर्गीय खुमान लाल साव एवं मिथलेश साहू जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित लोगों ने लोककला के संरक्षण और संवर्धन में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में ग्राम पटेल देवेंद्र पाल एवं ग्राम प्रमुख नंदकुमार उईके की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों की सहभागिता और ग्रामवासियों के उत्साह ने आयोजन को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर गंवईहा लोकनाट्य संस्था मोहंदी ने आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था के सदस्यों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककलाओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। साथ ही लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और कला परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर भी मिलता है।
ग्राम बीजेपार में आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या छत्तीसगढ़ी लोककला, परंपरा और ग्रामीण सांस्कृतिक एकजुटता की खूबसूरत मिसाल बनकर सामने आई।


