खैरागढ़। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर राज्यपाल गोद ग्राम सोनपुरी में स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छता समूह की महिलाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान “एक कदम, एक घंटा—स्वच्छ भारत के लिए” के संदेश के साथ गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही लोगों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि गुनेश वर्मा, पंचायत सचिव पुनीता साहू, पंच रामगोपाल वर्मा, शिव वर्मा, नयन कुमार, उर्मिला, गोदावरी, जयराम मांडवी, दिनेश, पार्वती और आशा वर्मा सहित स्वच्छता समूह की सभी दीदियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने राज्यपाल गोद ग्राम सोनपुरी को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ ग्राम बनाने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता अभियान को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखकर नियमित जनभागीदारी के साथ जारी रखने का आह्वान किया गया।
गांधी जयंती पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों ने स्वच्छता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।


