खैरागढ़। नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। इतवारी बाजार स्थित रावण भांठा में करीब 29 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही सीसी सड़क के निर्माण में कांग्रेस नेताओं ने कथित अनियमितता का आरोप लगाया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए काम तत्काल बंद कराने की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत राम वर्मा ने निर्माण स्थल पर अधिकारियों से जांच कराने तक काम रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद सड़क निर्माण का काम फिलहाल बंद कर दिया गया है।
मौके पर नहीं मिले जिम्मेदार अधिकारी
रविवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस का दल निर्माण स्थल पहुंचा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निरीक्षण के दौरान न तो नगर पालिका का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद था और न ही ठेकेदार वहां मिला। बताया गया कि ठेकेदार का एक रिश्तेदार मौके पर मौजूद था, लेकिन निर्माण से संबंधित सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे सका।
डॉ. भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकारी अवकाश के दिन निर्माण कार्य कराया जाना अपने आप में सवाल खड़े करता है। उन्होंने मौके से ही सीएमओ को फोन कर निर्माण की स्थिति की जानकारी दी और कार्रवाई नहीं होने पर धरने की चेतावनी दी। इसके बाद सीएमओ ने निर्माण कार्य रोकने और अधिकारियों से स्थल का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में निर्माण को लेकर चिंता
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि रावण भांठा क्षेत्र बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ की समस्या से प्रभावित रहता है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इसी क्षेत्र में बाढ़ के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हुई थी। ऐसे संवेदनशील इलाके में सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता भविष्य में बड़ी समस्या पैदा कर सकता है।
तकनीकी जांच की मांग
नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में सरकारी धन खर्च होता है, इसलिए निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुसार होना जरूरी है। उन्होंने जांच के बाद अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष और संबंधित वार्ड के भाजपा पार्षद की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बावजूद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में अनियमितता सामने आती है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, शेखर दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




