खैरागढ़। केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद लोकतंत्र बचाने के नाम पर देशभर में रैलियां निकालने को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मनोहर सेन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर भाजपा लोकतंत्र किससे बचाने के लिए रैली निकाल रही है, अपनी ही सरकार से या विपक्ष से?
मनोहर सेन ने कहा कि केंद्र में सरकार भाजपा की है और सत्ता की पूरी जिम्मेदारी भी उसी की है। ऐसे में लोकतंत्र बचाने के नाम पर रैलियां निकालने के बजाय सरकार को जनता और विपक्ष के सवालों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठा रहे हैं। यदि विपक्ष के आरोप गलत हैं तो सरकार और संबंधित संस्थाओं को तथ्यों के साथ स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
सेन ने आरोप लगाया कि देश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, महंगाई से आम आदमी परेशान है और किसान अपनी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन बुनियादी मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा राजनीतिक रैलियों के माध्यम से मुकाबला करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल भाषणों और रैलियों से मजबूत नहीं होता, बल्कि विपक्ष की आवाज सुनने, संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने और जनता के सवालों का जवाब देने से मजबूत होता है।
मनोहर सेन ने अमित शाह से सवाल किया कि लोकतंत्र को खतरा विपक्ष से है, जनता के सवालों से या सत्ता में बैठे लोगों की जवाबदेही से? उन्होंने कहा कि सरकार को रैलियों के बजाय बेरोजगारी, महंगाई और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।



