खैरागढ़। जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में जनपद सदस्य श्रीमती कुसुम जंघेल ने क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। उन्होंने किसानों को समय पर पानी और पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के साथ-साथ जर्जर सड़कों, पुल, स्कूल भवन, पौधरोपण एवं स्नेक रेस्क्यू टीम की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।
जल संसाधन विभाग में नहर निर्माण के प्रस्ताव
कुसुम जंघेल ने जल संसाधन विभाग के समक्ष किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। उन्होंने ग्राम पंचायत आमाघाट कादा, पद्मावतीपुर एवं रगरा के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नए नहर निर्माण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि पूर्व में जिस स्थान से नहर संचालित होती थी, उसी स्थान पर नई नहर नाली का निर्माण कराया जाए, जिससे इन गांवों के सैकड़ों किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी मिल सके।
इसके अलावा सिद्ध बाबा जलाशय के पानी को नहर के माध्यम से ग्राम पंचायत उदयपुर से आमाघाट कादा होते हुए राज्यपाल गोद ग्राम सोनपुरी तक पहुंचाने के लिए नई नहर निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया।
क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण की मांग
उन्होंने लमती नदी पर आमाघाट कादा से ढूंढा डायवर्सन मार्ग में आमाघाट कादा स्कूल के पास बने छोटे पुल के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि यह मार्ग ग्रामीणों के लिए मुख्य आवागमन का रास्ता है। इसलिए पुल की चौड़ाई बढ़ाकर नए स्वरूप में जल्द से जल्द निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा गया।
बिजली कटौती पर उठाए सवाल
विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनपद सदस्य ने पूछा कि किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने क्या व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि अघोषित बिजली कटौती के कारण क्षेत्र के किसान परेशान हैं। वर्तमान समय में फसलों को सिंचाई के लिए बिजली की सबसे अधिक आवश्यकता है, लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने व्यवस्था में जल्द सुधार कर किसानों को समय पर बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।
गांवों में स्नेक रेस्क्यू टीम और पौधरोपण का प्रस्ताव
वन एवं पर्यावरण विभाग के समक्ष उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्नेक रेस्क्यू टीम की व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा, ताकि सर्पदंश की घटनाओं में समय पर मदद मिल सके और सांपों को भी सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
इसके साथ ही ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतों की शासकीय भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
जर्जर सड़कों के निर्माण और मरम्मत की मांग
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं पीडब्ल्यूडी विभाग के समक्ष ग्राम पंचायत आमाघाट कादा और ग्राम पंचायत खैरी की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों का मुद्दा उठाया गया। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क मरम्मत की समय-सीमा स्पष्ट करने तथा आवश्यकतानुसार नए सड़क निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत करने की मांग की।
पुराने स्कूल भवन के डिस्मेंटल और नए भवन की मांग
स्कूल शिक्षा विभाग के समक्ष ग्राम पंचायत आमाघाट कादा स्थित पूर्व माध्यमिक शाला के पुराने भवन के डिस्मेंटल की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में अतिरिक्त नए भवन के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया।
जनपद सदस्य कुसुम जंघेल ने कहा कि क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का समयबद्ध निराकरण होना जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों से इन प्रस्तावों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को राहत देने की मांग की।


