खैरागढ़। कम समय में पैसा दोगुना करने और दवाई कंपनी में सेलिंग के नाम पर मोटा कमीशन दिलाने का झांसा देकर 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को जिला केसीजी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई लगातार 30 घंटे की मेहनत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी रेखचंद जंघेल पिता श्री गैंदलाल जंघेल (उम्र 28 वर्ष), निवासी ग्राम बोरई, थाना छुईखदान, जिला केसीजी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपीगण सुखविंदर सिंग कडियाला एवं हुलास कुमार साहू ने दवाई कंपनी में कम समय में पैसा दोगुना करने और दवाई सेलिंग पर 30 प्रतिशत कमीशन देने का लालच देकर उससे कुल 12 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की। यह घटना 17 मई 2021 से 13 जनवरी 2022 के मध्य घटित हुई थी।
मामले में थाना छुईखदान में दिनांक 03 फरवरी 2025 को अपराध क्रमांक 41/2025 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। ठगी के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री बालाजी राव के मार्गदर्शन में जिला केसीजी पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पता लगाते हुए उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया।
पुख्ता साक्ष्य पाए जाने पर दिनांक 05 फरवरी 2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी हुलास कुमार साहू को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि आरोपी सुखविंदर सिंग कडियाला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इस प्रकार के लालच भरे निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


