खैरागढ़। जिले में 52 पत्ती के खेल के शौकीनों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी जालबांधा पुलिस ने ग्राम शेरगढ़ में कार्रवाई करते हुए 7 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 2510 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर की रात करीब 10:34 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम शेरगढ़ में स्कूल के सामने गौठान के पास कुछ लोग रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर जालबांधा पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और सात लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में जीवन निषाद, नागेश्वर गिरी, जीवन साहू, योगेंद्र साहू, सूरज साहू, कौशल गिरी और विजय वर्मा शामिल हैं। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों को जमानत मुचलके पर छोड़ा।
लगातार कार्रवाई, फिर भी जुए के फड़ों पर सवाल
जिले में हाल के दिनों में जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। छुईखदान थाना क्षेत्र में 16, गंडई थाना क्षेत्र में 6 और अब जालबांधा में 7 लोगों के पकड़े जाने से पुलिस अभियान की सक्रियता सामने आई है।
हालांकि, सूत्रों के मुताबिक जिले के कुछ क्षेत्रों में अब भी कथित तौर पर जुए के फड़ संचालित होने की शिकायतें मिल रही हैं। कार्रवाई के बाद जुआ खेलने वाले ठिकाने बदलकर गतिविधियां जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप है। अब देखना होगा कि अभियान के अगले चरण में जिले के कथित बड़े जुआ फड़ों तक पुलिस कब पहुंचती है।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही



