छुईखदान। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए छुईखदान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पौवा शोले देशी प्लेन शराब और बिक्री की रकम सहित कुल 3,700 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छुईखदान के कनक नगर स्थित नए तालाब के पास अवैध रूप से शराब बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान वार्ड क्रमांक 10 केंवट पारा निवासी तालिब खान (26 वर्ष), पिता स्वर्गीय रसूल खान, के कब्जे से नीले-पीले रंग के थैले में रखी 40 पौवा शोले देशी प्लेन शराब बरामद की गई।
प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब थी। कुल 7.200 बल्क लीटर शराब की कीमत 3,200 रुपये आंकी गई। इसके अलावा शराब बिक्री की 500 रुपये की रकम भी जब्त की गई। इस तरह कुल 3,700 रुपये की सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 361/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। 28 सितंबर को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में छुईखदान पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने अवैध शराब, जुआ, सट्टा और गांजा के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही


