खैरागढ़। नगर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित इंदिरा आवास के रहवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या अब समाधान की ओर बढ़ गई है। जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह की पहल के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में आवागमन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे रास्ते को नया वैकल्पिक मार्ग तैयार होने तक बंद नहीं किया जाएगा।
दरअसल, वर्ष 2010 में रानी रश्मिदेवी महाविद्यालय के पीछे करीब 492 इंदिरा आवासों का निर्माण किया गया था। आवास बनने के बाद से ही महाविद्यालय के कॉर्नर से होकर रहवासी आवागमन करते आ रहे हैं। अब वर्तमान में कन्या महाविद्यालय के निर्माण कार्य के चलते यह रास्ता अवरुद्ध होने की स्थिति में पहुंच गया था।
रास्ता बंद होने की आशंका को लेकर मोहल्लेवासियों ने पहले भी दो बार कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से वर्तमान मार्ग को यथावत रखने की मांग की थी। बीते दिनों बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी फिर कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी।
मोहल्लेवासियों के साथ मौके पर पहुंचीं शताक्षी सिंह
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सदस्य शताक्षी देवव्रत सिंह मोहल्लेवासियों और अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के सामने मोहल्लेवासियों की समस्या रखते हुए मांग की कि नया रास्ता ऐसा बनाया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
शताक्षी सिंह ने कहा कि जब तक नया रास्ता पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता, तब तक वर्तमान रास्ते को बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से यह भी आग्रह किया कि नया मार्ग इसी कॉर्नर के आसपास बनाया जाए, ताकि लोगों के लिए आवागमन सुविधाजनक बना रहे।
घुमावदार रास्ते का भी उठाया मुद्दा
मोहल्लेवासियों को जिस वैकल्पिक रास्ते की ओर जाने की बात कही जा रही थी, वह काफी घुमावदार था। इससे लोगों को शहर तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती। इसी समस्या को देखते हुए शताक्षी सिंह ने अधिकारियों के सामने वर्तमान मार्ग के समीप ही नया रास्ता बनाने की बात रखी, जिस पर अधिकारियों ने भी सहमति जताई।
जिस स्थान पर नया रास्ता बनाया जाना प्रस्तावित है, वहां टीलेनुमा भू-भाग होने के कारण मार्ग तैयार करने में कुछ समय लग सकता है। लेकिन नया रास्ता तैयार होने के बाद इंदिरा आवास के रहवासियों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मोहल्लेवासियों ने जताया आभार
शताक्षी देवव्रत सिंह की पहल से मिली इस राहत पर इंदिरा आवास के रहवासियों ने संतोष जताया और उनका आभार व्यक्त किया। मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन, अपर कलेक्टर, एसडीएम, सीएमओ, आरआई, पटवारी और एसडीओ सहित संबंधित अधिकारियों को भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। मोहल्लेवासियों का कहना है कि नया रास्ता बनने तक पुराना रास्ता चालू रखने का निर्णय उनके लिए बड़ी राहत है। अब उनकी उम्मीद नए मार्ग के जल्द निर्माण पर टिकी है।



