खैरागढ़।भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले से चयनित 24 हितग्राहियों को मोतियाबिंद सर्जरी हेतु एम्स रायपुर रवाना किया गया।
समाज कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़, माना कैम्प रायपुर के निर्देशों के अनुसार राज्य में उक्त योजना का क्रियान्वयन समाज कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है। कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जिले में हितग्राहियों का चयन किया गया।
सोमवार 09 फरवरी 2026 को चयनित हितग्राहियों को उनके सहायकों के साथ ग्राम सोनपुरी से बस को हरी झंडी दिखाकर एम्स रायपुर के लिए रवाना किया गया। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी से भी हितग्राहियों का चयन किया गया है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सोनपुरी की सरपंच सीमा वर्मा, सचिव पुनीता साहू, समाज कल्याण विभाग से सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल, हेमंत टंडन, बेदराम भारती सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
अटल वयो अभ्युदय योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।


