बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत कुल 18 लोग घायल हो गए। यह हादसा मंगचुवा थाना क्षेत्र के भंवरमरा गांव के पास उस समय हुआ, जब ग्रामीण छट्ठी (नामकरण) कार्यक्रम से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गोटाटोला थाना क्षेत्र के पददेटोला गांव से ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर खड़बत्तर गांव कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद लौटते समय अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में मानबाई (65 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नंदनी बाई कड़ियाम (40 वर्ष) ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। दोनों की मौत से गांव में शोक की लहर है। वहीं, पिकअप में सवार अन्य 18 लोग घायल हो गए, जिनमें दो छोटे बच्चे और वाहन चालक भी शामिल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को राजनांदगांव हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मंगचुवा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खतरों को उजागर करता है। जरूरत है कि वाहन चालकों और प्रशासन दोनों स्तर पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


