खैरागढ़। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को खैरागढ़ जिले में दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन कलेक्टर श्री इंद्रजीत चंद्रवाल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री रेणुका रात्रे ने बताया कि इस परीक्षा के लिए कुल 564 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सामान्य अध्ययन तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 03:00 बजे से 05:00 बजे तक एप्टीट्यूड विषय की होगी।
परीक्षा जिले के दो केंद्रों— रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ (केंद्र क्रमांक 2901) एवं डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बक्सी मॉडल शासकीय मल्टी हायर सेकण्डरी स्कूल खैरागढ़ (केंद्र क्रमांक 2902) में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली के लिए मुख्य द्वार सुबह 9:45 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 2:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षार्थियों को फोटोयुक्त प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र—मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या आधार कार्ड—लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा में केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग मान्य रहेगा। ड्रेस कोड के अनुसार हल्के रंग के आधी बांह के वस्त्र पहनकर ही प्रवेश मिलेगा। गहरे रंग एवं डिजाइनर कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। केंद्राध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार साखरे ने अभ्यर्थियों से समय से पहले पहुंचकर सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

