Dinesh Sahu Khairagarh 9098981250
खुज्जी की पूर्व विधायक छन्नी साहू : सक्रियता, नेतृत्व और संघर्ष की पहचान
राजनांदगांव। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक छन्नी साहू ने महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनकी मेहनत और सक्रियता के चलते न केवल विधानसभा क्षेत्र बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस सदस्यता अभियान में पहला स्थान प्राप्त हुआ। जानकारी के अनुसार, उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया में दसवां स्थान हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया।
पूर्व विधायक छन्नी साहू को एक ऐसी नेत्री के रूप में देखा जाता है, जो बेबाकी से अपनी बात रखती हैं और नेतृत्व क्षमता का परिचय देती हैं। क्षेत्र में उनकी सक्रियता लगातार बनी हुई है। वे सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों पर खुलकर आवाज उठाती रही हैं, चाहे वह धान खरीदी का मामला हो, अवैध रेत खनन या अवैध शराब जैसे विषय हों। पार्टी कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी देखी जाती है।
खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि पूर्व विधायक छन्नी साहू लगातार जमीनी मुद्दों को मजबूती से उठाती रही हैं। कुहीखुर्द में धान टोकन गड़बड़ी के विरोध में किसानों के साथ छुरिया तहसील कार्यालय में देर रात तक धरना देने से लेकर चिरचारी में स्कूल सूचना बोर्ड हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम जैसे आंदोलनों में उनकी अग्रणी भूमिका चर्चा में रही।
उनकी सादगी भी क्षेत्र में मिसाल मानी जाती है। अपने विधायकी कार्यकाल के दौरान उन्होंने सुरक्षा वापस कर स्कूटी से आना-जाना जारी रखा, जो आम लोगों के बीच उनकी सहजता और जुड़ाव को दर्शाता है।
कुल मिलाकर, पूर्व विधायक छन्नी साहू को खुज्जी ही नहीं बल्कि पूरे राजनांदगांव जिले में एक सक्रिय, मुखर और जमीनी नेता के रूप में देखा जाता है, जिनकी कार्यशैली और संघर्षशीलता आज भी चर्चा का विषय बनी हुई है। अब वक्त आ गया है जब छन्नी साहू को शीर्ष नेतृत्व का मौक़ा मिले और उसे बखूबी से निभाए।
छुरिया विकासखंड में भाजपा सरकार द्वारा आयोजित सुशासन त्योहार के दौरान पूर्व विधायक छन्नी साहू जनहित के मुद्दे को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों के साथ मंच पर पहुंचीं। मामला सड़क निर्माण से जुड़ा था, जहां सड़क की स्वीकृति और भूमिपूजन होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ था। इस पर छन्नी साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की उदासीनता के कारण काम रुका हुआ है।
बताया जाता है कि उनके विरोध के बाद प्रशासन हरकत में आया और आनन-फानन में एसडीएम व तहसीलदार को मौके पर पहुंचना पड़ा। इसके बाद तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया, जो अब लगभग पूर्णता की ओर है।
पूर्व विधायक छन्नी साहू का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। विधायक बनने से पहले वे एक साधारण परिवार में गृहिणी के रूप में जीवन यापन करती थीं। उन्होंने मनरेगा जैसी योजनाओं में मजदूर के रूप में भी कार्य किया। यहीं से वे किसान आंदोलनों से जुड़ीं और आंदोलन के दौरान उन्हें एक सप्ताह तक जेल भी जाना पड़ा।
इस प्रकार छन्नी साहू को क्षेत्र में एक जमीनी, संघर्षशील और जनहित के मुद्दों पर मुखर रहने वाली नेत्री के रूप में देखा जाता है।


