खैरागढ़, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले में निजी सीबीएसई विद्यालय और मल्टीप्लेक्स सहित मिनी-मॉल की स्थापना के लिए निजी निवेशकों से रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) आमंत्रित की है। इसका उद्देश्य जिले में शिक्षा, मनोरंजन और व्यापार की सुविधाओं का विस्तार करना तथा निजी निवेश को प्रोत्साहित करना है। इच्छुक निवेशक 6 दिसंबर 2026 तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। https://invest.cg.gov.in/�
निजी विद्यालय की स्थापना के लिए न्यूनतम 5 करोड़ रुपये का निवेश, कक्षा पहली से बारहवीं तक केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की मान्यता और कम से कम 500 विद्यार्थियों की क्षमता अनिवार्य है। विद्यालय में पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, छात्रावास और खेलकूद की सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी।
मल्टीप्लेक्स सहित मिनी-मॉल की स्थापना के लिए भी न्यूनतम 5 करोड़ रुपये का निवेश आवश्यक है। मिनी-मॉल का कारपेट एरिया 8,000 वर्गफीट से अधिक होना चाहिए। मल्टीप्लेक्स में कम से कम दो स्क्रीन होनी चाहिए और प्रत्येक स्क्रीन के लिए न्यूनतम 100 सीटों की व्यवस्था अनिवार्य है। मिनी-मॉल में कम से कम पांच रिटेल स्टोर भी होने चाहिए।
आवेदन संबंधी जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए निवेशक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, भूतल, गीता कॉम्प्लेक्स, साईं मंदिर के पास, कवर्धा रोड, खैरागढ़ में संपर्क कर सकते हैं।

