खैरागढ़। जिला भाजपा कार्यालय में 18 नवंबर को भाजपा ओबीसी मोर्चा की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, ओबीसी समाज की भागीदारी बढ़ाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। साथ ही आगामी विधानसभा एवं नगरीय निकाय चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के मुख्य वक्ता दुर्ग संभाग भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रभारी राजेन्द्र जायसवाल ने कहा कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का विधायक होना संगठन और विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगामी समय में खैरागढ़ विधानसभा में भाजपा का विधायक बनाने को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होने और एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी अंतर की राशि देने की घोषणा को महत्वपूर्ण बताया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार निर्णय ले रही है। 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी अंतर की राशि देने की घोषणा किसानों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
दुर्ग संभाग भाजपा सहप्रभारी तुलसी साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का उल्लेख करते हुए आगामी खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजकुमार जंघेल ने स्वागत भाषण देते हुए संगठन की गतिविधियों और बैठक के उद्देश्य की जानकारी दी।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा निर्मला यादव, घम्मन साहू, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, खम्हन ताम्रकार, मनोहर साहू सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


