संगीत एवं कला की नगरी खैरागढ़ की निवासी, शाला संडी की प्रधान पाठक एवं साहित्यकार डॉ. पद्मा साहू पर्वणी को “श्रीमती अनार देवी शर्मा स्मृति स्वतंत्रता सेनानी पंडित गया प्रसाद लोक निधि अलंकरण 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें छत्तीसगढ़ी लोकसाहित्य के संरक्षण और संवर्धन में उनके विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रज्ञा हिन्दी सेवार्थ संस्थान ट्रस्ट द्वारा 15 फरवरी को आयोजित सप्तम अंतर्राष्ट्रीय प्रज्ञा सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आईवी इंटरनेशनल स्कूल के सभागार में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में रघुवीर शर्मा, उपनिदेशक (राजभाषा विभाग), गृह मंत्रालय भारत सरकार उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता कमलाकर त्रिपाठी ने की। समारोह में नगर विधायक मनीष असीजा सहित देशभर के साहित्यकारों और विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अभिव्यक्ति सत्र में डॉ. पद्मा साहू ने छत्तीसगढ़ी बोली में अपना परिचय देते हुए सुमधुर कविता पाठ किया। उनकी प्रस्तुति ने उत्तर प्रदेश की धरती पर छत्तीसगढ़ की भाषा-बोली का मान बढ़ाया, जिसकी देश-विदेश से आए साहित्यप्रेमियों ने सराहना की।
डॉ. पद्मा साहू, जो वरिष्ठ अधिवक्ता घम्मन साहू की धर्मपत्नी हैं, को इस उपलब्धि पर साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और परिवारजनों ने शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। समारोह में कर्नाटक, कुवैत, मध्य प्रदेश, झारखंड, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से आए साहित्य मनीषियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।


