राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में पति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम अंजोरा थनौद रोड निवासी तामेश्वर पारकर और उनकी पत्नी लक्ष्मी बाई पारकर के बीच 27 जुलाई 2025 को काम पर जाने और पैसों को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी बाई बिना बताए काम पर चली गई थीं, जिससे नाराज होकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई।
विवाद के दौरान झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोप है कि लक्ष्मी बाई ने हाथ और नाखून से हमला किया तथा गला दबा दिया। इस घटना में तामेश्वर पारकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी शरीर पर चोट के निशान पाए गए और मौत का कारण हत्यात्मक बताया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी लक्ष्मी बाई (उम्र 34 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना सोमनी के प्रभारी निरीक्षक अरुण नामदेव सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच आगे भी जारी है।


