मोहला। नेशनल हाईवे 930 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। बीटेझर और पैंदुर के बीच एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार 14 लोगों में से 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन चालक को झपकी आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। तेज रफ्तार में चल रहा टाटा एस (छोटा हाथी) अचानक सड़क किनारे पलट गया और पुलिया से टकराते हुए नीचे नाले में जा गिरा। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका अगला टायर भी अलग हो गया।
बताया जा रहा है कि सभी यात्री मुस्लिम समुदाय से हैं और राजनांदगांव के पार्रीनाला में आयोजित उर्स कार्यक्रम से अपने गांव लौट रहे थे। सुबह करीब 5 बजे वे परसघांट के लिए निकले थे।
इस हादसे में हाजरा बेगम (60 वर्ष) और रिहाना बेगम (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 12 घायलों में से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला में जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
घटना की सूचना मिलते ही खड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और थकान में वाहन चलाने के खतरे को उजागर करता है। लगातार हो रही दुर्घटनाएं प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं, जिस पर सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।


