खैरागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में जुआ और सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 मई 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग मोबाइल के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा-पट्टी लिखकर ऑनलाइन हार-जीत का खेल चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो अलग-अलग स्थानों—इतवारी बाजार स्थित संजीत मेन्स वियर और बजरंग होटल के सामने—घेराबंदी कर छापेमारी की।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को सट्टा-पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीत कुमार (उम्र 30 वर्ष) निवासी मुतेड़ा नावगांव और महेंद्र कुमार देवांगन (उम्र 25 वर्ष) निवासी मुतेड़ा नावगांव, खैरागढ़ के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और ₹2100 नगद राशि जब्त की है, जो सट्टा संचालन में उपयोग किए जा रहे थे।
दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में अपराध क्रमांक 182/2026 और 183/2026 पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को अवैध सट्टा कारोबार पर बड़ी रोक के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।


