खैरागढ़,जिले के कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमकुमार पटेल के मार्गदर्शन में राज्यपाल गोद ग्राम सोनपुरी से चयनित लीलेश्वरी वर्मा और सोहद्रा पाल को लोक भवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राज्यभर से 280 महिलाओं को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 20 महिलाओं को माननीय राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान सर्वप्रथम लीलेश्वरी वर्मा को सम्मानित किया गया। उन्होंने ग्राम में महिलाओं के लिए उल्लेखनीय कार्य करते हुए लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बनाई है तथा किराना व्यवसाय के माध्यम से आजीविका चला रही हैं।
दूसरे क्रम में सोहद्रा पाल को बकरी पालन के क्षेत्र में कार्य करने और ग्राम की महिलाओं को स्वच्छता, आजीविका व सामाजिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह में मगरलोड विकासखंड की एक शिक्षिका ने भी अपने कार्यों का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ाने के लिए कई स्कूलों में स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए और बचत की आदत विकसित करने हेतु गुल्लक का वितरण किया।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में महिलाओं को सशक्त होकर आगे आने और समाज व देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने लीलेश्वरी वर्मा से किराना व्यवसाय की आय के बारे में जानकारी ली और सोहद्रा पाल के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर बैधनाथ वर्मा (सहायक जिला समन्वयक) सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी भी उपस्थित रहे।


