राजनांदगांव। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की महामंत्री एवं अधिवक्ता कुसुम दुबे ने राजनांदगांव शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या तथा सड़कों पर बैठे मवेशियों के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए छत्तीसगढ़ शासन के जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के क्रियाशील उपाध्यक्ष आलोक चंद्राकर को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
कुसुम दुबे ने अपने पत्र में कहा है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने से कुत्तों के काटने और लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका दावा है कि कई इलाकों में रात के समय कुत्तों के बड़े झुंड दिखाई देते हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों के नियंत्रण और प्रबंधन के लिए प्रभावी अभियान चलाने की मांग की है।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर की सड़कों पर मवेशियों के बैठे रहने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ मवेशियों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आती हैं। उन्होंने संबंधित पशु मालिकों की जवाबदेही तय करने तथा आवश्यक होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
कुसुम दुबे के अनुसार, इस संबंध में भेजे गए पत्र पर जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के क्रियाशील उपाध्यक्ष आलोक चंद्राकर ने संबंधित विभाग को नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है।



