### कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, जल्द कार्रवाई नहीं होने पर घेराव की चेतावनी
खैरागढ़। जिला युवा कांग्रेस खैरागढ़-छुईखदान-गंडई ने बुधवार को दो अहम जनहित मुद्दों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने सड़क निर्माण से प्रभावित किसानों को लंबित मुआवज़ा दिलाने तथा शासकीय तालाब को पाटकर संचालित किए जा रहे अवैध ईंट भट्ठे पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन तिवारी ने बताया कि दनिया–उदयपुर–बुंदेली–छुईखदान सड़क मार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य से प्रभावित सैकड़ों किसानों को अब तक करोड़ों रुपये का मुआवज़ा नहीं मिल पाया है। किसानों द्वारा कई बार आवेदन देने और पूर्व में एसडीएम कार्यालय का घेराव किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से मुआवज़े की राशि लंबित होने के कारण किसान आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। युवा कांग्रेस ने प्रशासन से जल्द सर्वे कर पात्र किसानों को मुआवज़ा भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं दूसरे ज्ञापन में ग्राम पंचायत खैरी-मुरई चौक स्थित मनरेगा योजना के तहत निर्मित शासकीय तालाब को पाटकर अवैध रूप से ईंट भट्ठा संचालित किए जाने का मामला उठाया गया। संगठन का आरोप है कि तालाब पाटे जाने से क्षेत्र में जल संकट गहराने लगा है और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
युवा कांग्रेस ने पूरे मामले की संयुक्त जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए तो संगठन हजारों किसानों और युवाओं के साथ जिला कार्यालय का घेराव करेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष गुलशन तिवारी, प्रदेश महासचिव अनिमेष सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष गौकरण जंघेल, गौकरण वर्मा, अमन सोनी एवं जिला महामंत्री संजय जंघेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


