सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने के बाद राजनीतिक माहौल काफी उत्साहित नजर आया। शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुवेंदु अधिकारी ने भव्य रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
समारोह के दौरान एक भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। 98 वर्षीय माखनलाल सरकार को पश्चिम बंगाल भाजपा के सबसे बुजुर्ग कार्यकर्ताओं में गिना जाता है। बताया गया कि वर्ष 1952 में वे जनसंघ के संस्थापक श्यामाप्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में तिरंगा फहराने गए थे। उस दौरान हुए आंदोलन में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।
शपथ ग्रहण समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। उन्होंने सुवेंदु अधिकारी को गेरुआ गमछा ओढ़ाकर शुभकामनाएं दीं। समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
भाजपा समर्थकों ने इसे पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव बताया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।


