खैरागढ़,बाजार अतरिया। बाजार अतरिया क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध मुरूम खनन का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत सिंघौरी में बिना ग्राम पंचायत की अनुमति और खनिज विभाग से स्वीकृति लिए मुरूम की खुदाई किए जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रूप से मुरूम का उत्खनन किया जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा है।
बताया जा रहा है कि सिंघौरी में जिस स्थान पर मुरूम की खुदाई की गई है, उसके पास ही पेयजल के लिए हैंडपंप स्थापित है। ग्रामीणों के अनुसार, हैंडपंप के आसपास जमीन की खुदाई होने से भविष्य में उसके धंसने का खतरा बना हुआ है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मुरूम की ढुलाई के लिए भारी वाहनों का लगातार आवागमन हो रहा है। ओवरलोड वाहनों के चलते संबंधित सड़क को नुकसान पहुंच रहा है और कई जगह सड़क दबने लगी है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और खनिज विभाग से मामले की जांच कर अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का सवाल है कि यदि सरकारी जमीन पर बिना अनुमति खनन हो रहा है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी है?




