खैरागढ़,राज्य सरकार द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना के आवेदन की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। समाज कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा योजना को भारत सरकार के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) पर ऑनबोर्ड किया गया है। पात्र दिव्यांग विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत चयनित पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि उनके बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे प्रदान की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनेगी।
समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक श्री कमलेश कुमार पटेल के अनुसार, दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के बाद संबंधित विद्यालय अथवा शिक्षण संस्था द्वारा आवेदनों की जांच एवं सत्यापन किया जाएगा। इस स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। इसके पश्चात जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा आवेदनों का परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा, जिसकी अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 है।
दोनों स्तरों पर सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद पात्र विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा तथा स्वीकृत छात्रवृत्ति राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी। जिला प्रशासन ने पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा का ध्यान रखते हुए ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।



