खैरागढ़। सेवा, संस्कार और न्याय के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल पेश करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप दास ने मृत्यु उपरांत देहदान करने की घोषणा की है। शनिवार को समाजसेवियों की मौजूदगी में उन्होंने यह संकल्प सार्वजनिक किया। साथ ही अपने निजी आवास को ‘न्याय मंदिर’ के रूप में स्थापित करने का निर्णय लिया है, जहां आपसी सहमति से सुलझाए जा सकने वाले विवादों का बातचीत और समझौते के जरिए निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा।
प्रदीप दास ने बताया कि उनके पिता स्व. चंद्रमोहन दास न्यायिक सेवा में रहे। अक्टूबर 1996 में पिता के निधन के बाद उनके मन में देहदान का विचार आया। उन्होंने संकल्प लिया कि मृत्यु के बाद उनकी देह चिकित्सा शिक्षा और शोध के काम आ सके। इसी संकल्प को अब उन्होंने सार्वजनिक किया है।
स्व. चंद्रमोहन दास वर्ष 1962 में छिंदवाड़ा में सिविल जज के रूप में पदस्थ हुए थे। उन्होंने रायगढ़ में कार्यकारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा बिलासपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 1987 में सेवानिवृत्त हुए।
7 अगस्त 1959 को जन्मे प्रदीप दास ने रायगढ़ और बिलासपुर से कानून की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 1988 में खैरागढ़ अधिवक्ता संघ की सदस्यता लेकर उन्होंने वकालत शुरू की। उनका परिवार भी विधि और न्यायिक सेवा से जुड़ा रहा है।
अब वे अपनी मां को समर्पित ‘न्याय मंदिर’ की शुरुआत करेंगे। इसका उद्देश्य छोटे-मोटे विवादों में संवाद और आपसी सहमति के माध्यम से समाधान तलाशना तथा सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना है। प्रदीप दास की ये दोनों पहल समाजसेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।


