Dindayal Yadu Chhuikhadaan .
छुईखदान। छुईखदान क्षेत्र में लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के चलते कई सरकारी कार्यालयों के बिजली कनेक्शन काटे जाने की जानकारी सामने आई है। बिजली विभाग की इस कार्रवाई के बाद संबंधित कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हो रहा है, वहीं स्कूल और छात्रावास में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बिजली विभाग द्वारा जल संसाधन विभाग के डिवीजन कार्यालय, सब डिवीजन पिपरिया जलाशय, पीएमश्री सेजेस, बालक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला और शासकीय कन्या छात्रावास के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं। बताया जा रहा है कि इन सरकारी संस्थानों द्वारा लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा था, जिसके बाद विभाग ने ऑनलाइन व्यवस्था के माध्यम से कनेक्शन काटने की कार्रवाई की।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली खपत और बिलिंग की प्रक्रिया ऑनलाइन हो रही है। ऐसे में बकाया बिजली बिलों की जानकारी भी विभाग के सिस्टम में दर्ज रहती है। लंबे समय से भुगतान लंबित होने के कारण बिजली विभाग ने बकायेदार सरकारी कार्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की है।
बिजली कनेक्शन कटने से कार्यालयीन कामकाज प्रभावित होने के साथ-साथ स्कूल और छात्रावास में भी परेशानी बढ़ गई है। विशेष रूप से छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को बिजली के अभाव में दैनिक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग बकाया बिजली बिल का भुगतान कर कनेक्शन कब तक बहाल करवाते हैं।




