छुईखदान। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, छुईखदान में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत साइकिल, गणवेश एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही जिले की कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जिला भाजपा महामंत्री डॉ. नवनीत सतीष जैन, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, शाला विकास समिति की अध्यक्ष शीतल जैन, अरविंद शर्मा, ज्ञान यादव, संदीप महोबिया, महावीर जैन, रोशन चंद्राकर, दीपाली सोनी, शुभम विश्वास एवं जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिले की मेधावी छात्राएं रुचिका देवांगन, सोनम यदु, लक्ष्मी साहू और मिलाप साहू को सम्मानित किया गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विशेष रूप से सोनम यदु को मंच पर आमंत्रित कर उनकी अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन और सफलता के अनुभव छात्राओं के साथ साझा कराए। उनके प्रेरक विचारों ने उपस्थित छात्राओं में आत्मविश्वास और बेहतर प्रदर्शन की नई ऊर्जा का संचार किया।
अपने संबोधन में शीतल जैन ने छात्राओं को अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और निरंतर अध्ययन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। वहीं डॉ. नवनीत सतीष जैन ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव हर बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत का उत्सव है और समाज का दायित्व है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, परिश्रम, समय का सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर एवं अतिथियों ने छात्राओं और महिला समूह के न्यौता भोज में शामिल होकर उनके साथ भोजन किया। आयोजन को सफल बनाने में जिला शिक्षा विभाग, विकासखंड शिक्षा कार्यालय तथा शाला परिवार के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी गिरेंद्र कुमार सुधाकर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।


