खैरागढ़, छुईखदान जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत लांझियाटोला में सरपंच और सचिव पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों का दावा है कि बीते दो वर्षों से मूलभूत विकास कार्यों के नाम पर सरकारी राशि फर्जी तरीके से निकाली जा रही है, जबकि धरातल पर काम नदारद है।
क्या हैं आरोप
वार्ड क्रमांक 13 के पंच पंचम राम चंदेल ने आरोप लगाया कि गांव में मुरुम गिराने के नाम पर फर्जी बिल के जरिए भुगतान निकाल लिया गया, लेकिन दो साल में एक भी ट्रिप मुरुम नहीं डाली गई। नाली सफाई के नाम पर तीन से चार लाख रुपए निकालने का भी आरोप है, जबकि नाली आज तक साफ नहीं हुई। स्कूल में वाटर कूलर लगाने के लिए स्वीकृत राशि भी बिना काम कराए निकाल ली गई।
आश्रित ग्राम बगमर्रा में एक लाख रुपए की लागत से प्रस्तावित नाली निर्माण भी अधूरा बताया जा रहा है। पंच के मुताबिक इसमें न मुरुम डाली गई और न गिट्टी, बावजूद इसके पूरा भुगतान आहरित कर लिया गया।
पंचम राम चंदेल का दावा है कि कुल मिलाकर 8 से 10 लाख रुपए तक के गबन की आशंका है। उनका यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर सरपंच धमकी देते हैं और आवास योजना से नाम काटने की बात कहकर डराते हैं।
उपसरपंच ने भी उठाए सवाल
ग्राम पंचायत की उपसरपंच अंजीता बंजारे ने आरोप लगाया कि मुक्तिधाम निर्माण, कचरा प्रबंधन, नाली सफाई और स्कूल की छत मरम्मत जैसे काम सिर्फ कागजों पर पूरे दिखाए गए हैं। उनके मुताबिक स्कूल की मरम्मत न होने के कारण बच्चों को पंचायत भवन में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है, जहां जगह भी अपर्याप्त है।
उपसरपंच ने प्रधानमंत्री आवास योजना में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि योजना की सूची में नाम आने के बावजूद ग्रामीणों से 500-500 रुपए की अवैध वसूली की गई, लेकिन उनके बैंक खाते अब तक दर्ज नहीं किए गए।
प्रशासन का पक्ष: जांच टीम गठित
मामले पर जनपद पंचायत छुईखदान की सीईओ केश्वरी देवांगन ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में है और लिखित शिकायत मिलने के बाद जांच टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा, "संज्ञान में आया है। इसका लिखित रूप में शिकायत भी हुआ है, जिसकी हमारे यहां जांच टीम गठित करके जांच कराया गया है। प्रतिवेदन आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
सीईओ ने स्पष्ट किया कि फिलहाल ग्रामीणों को कोई आश्वासन नहीं दिया गया है, क्योंकि मामला अभी जांच के दायरे में है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




