खैरागढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की जालबंधा नगर इकाई की नवीन नगर कार्यकारिणी की घोषणा संगठनात्मक बैठक में की गई। बैठक में छात्रहित, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नवीन कार्यकारिणी में लोमश वर्मा को नगर मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर ABVP के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हर्ष वर्मा और खैरागढ़ नगर इकाई के नगर मंत्री रितिक कंडरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याओं, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा समाज और राष्ट्र के प्रति युवाओं की जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप अनुशासन, सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
नवीन कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी
संगठनात्मक बैठक के दौरान घोषित नवीन कार्यकारिणी में लोमश वर्मा को नगर मंत्री बनाया गया। वहीं देवा वर्मा, धीरज वर्मा, विवेक कुमार वर्मा और कशिश बंजारे को नगर सहमंत्री का दायित्व सौंपा गया।
नवीन दायित्व प्राप्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई।
संगठन विस्तार और छात्रहित के मुद्दों पर चर्चा
बैठक में जालबंधा क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही छात्रहित और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार करने पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम के अंत में नवीन कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही संगठन के आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की गई।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही



