राजनांदगांव। शहर के चिखली क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने और क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने की कोशिश करने वाले चार आरोपियों को चिखली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और मैगजीन जब्त की है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपियों के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 की रात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चिखली के रमन बाजार स्थित बड़ा तालाब के पास एक युवक पिस्टल दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर चिखली पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान धनुष साहू उर्फ गोलू (19 वर्ष), निवासी रमन बाजार, चिखली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक काले रंग की पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान धनुष ने बताया कि उसके साथी शेख शहबाज उर्फ शिब्बू और जफर मोमीन पिस्टल खरीदकर लाए थे। इसके बाद शेख शहबाज, जफर मोमीन और ऐश्वर्य झा उर्फ राम के साथ मिलकर क्षेत्र में लोगों को पिस्टल दिखाकर डराने और अपना दबदबा कायम करने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस ने मामले में धनुष साहू के अलावा शेख शहबाज उर्फ शिब्बू (28 वर्ष), जफर मोमीन (20 वर्ष) और ऐश्वर्य झा उर्फ राम (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों के विरुद्ध धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
धनुष साहू उर्फ गोलू (19 वर्ष), निवासी रमन बाजार, चिखली।
शेख शहबाज उर्फ शिब्बू (28 वर्ष), निवासी स्टेशनपारा, चिखली।
जफर मोमीन (20 वर्ष), निवासी पेट्रोल पंप के पास, चिखली।
ऐश्वर्य झा उर्फ राम (19 वर्ष), निवासी देशमुख होटल चौक, चिखली।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक, शेख शहबाज के विरुद्ध वर्ष 2018 से 2026 तक मारपीट, धमकी, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। वहीं जफर मोमीन के विरुद्ध वर्ष 2024 और 2026 में मारपीट एवं धमकी से संबंधित मामले दर्ज हैं। ऐश्वर्य झा और धनुष साहू के विरुद्ध भी वर्ष 2026 में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी।
जब्ती: पुलिस ने आरोपियों के मामले में एक पिस्टल और एक मैगजीन जब्त की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
DNnews | खबर वही, जो लगे सही



