खैरागढ़। क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आवागमन को सुगम बनाने और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। खैरागढ़ ब्लॉक के अंतर्गत धनेली से देवारीभाठ, भरदाकला वाया बढ़ईटोला तक लगभग 10 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने 17 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। सड़क निर्माण से दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को जर्जर सड़क की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
जनप्रतिनिधियों की मांग पर विक्रांत सिंह ने की पहल
ग्राम पंचायत देवारीभाठ के सरपंच सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा इस मार्ग के नए निर्माण की मांग लंबे समय से जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह से की जा रही थी। ग्रामीणों की इस जनहितकारी मांग को गंभीरता से लेते हुए विक्रांत सिंह ने शासन-प्रशासन स्तर पर लगातार पत्राचार किया और व्यक्तिगत रूप से भी प्रयास किए। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप अब लोक निर्माण विभाग द्वारा 17 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
जर्जर सड़क से मिलेगी राहत, आवागमन होगा सुगम
धनेली से देवारीभाठ, भरदाकला और बढ़ईटोला तक का यह मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। पक्की सड़क बनने से धनेली, देवारीभाठ, भरदाकला, बढ़ईटोला सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
वहीं, बारिश के दौरान सड़क पर होने वाले कीचड़ और गड्ढों से लोगों को राहत मिलेगी तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। सड़क निर्माण से क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और ग्रामीण गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
भाजपा सरकार में ग्रामीण क्षेत्रों का हो रहा चौमुखी विकास: विक्रांत सिंह
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होना इस बात का प्रमाण है कि साय सरकार ग्रामीण विकास और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है।
विक्रांत सिंह ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव एवं क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडे के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।



