राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल मुख्य परीक्षा में स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। हाई स्कूल उपरवाह की कक्षा दसवीं की छात्रा भारती साहू रोल नंबर 1261901408 को अंग्रेजी विषय की प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित दर्शाते हुए पूरक परीक्षा के लिए पात्र कर दिया गया, जबकि छात्रा प्रायोगिक परीक्षा में उपस्थित रही थी।
जानकारी के अनुसार छात्रा भारती साहू ने मुख्य परीक्षा में अंग्रेजी विषय में 31 अंक प्राप्त किए हैं, लेकिन प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित दर्ज किए जाने के कारण उसे पूरक परीक्षा के लिए पात्र घोषित कर दिया गया। इस गलती से छात्रा और उसके परिजनों में चिंता का माहौल है।
मामले को लेकर संबंधित स्कूल के शिक्षक वशिष्ट सिंह राजपूत से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि एक ही कक्षा में “भारती” नाम की तीन छात्राएं अध्ययनरत हैं। इनमें से एक छात्रा प्रायोगिक परीक्षा में अनुपस्थित थी, लेकिन गलतीवश उसकी अनुपस्थिति दूसरी छात्रा भारती साहू के नाम पर दर्ज हो गई। शिक्षक ने स्वीकार किया कि त्रुटिवश यह गलती हुई है।
हालांकि यह एक प्रशासनिक त्रुटि बताई जा रही है, लेकिन इस लापरवाही ने छात्रा के भविष्य को संकट में डाल दिया है। छात्रा और उसके परिजनों का कहना है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय में ऐसी गलती बेहद गंभीर है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि परीक्षा परिणाम तैयार करने में विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी विद्यार्थियों के भविष्य पर गहरा असर डाल सकती है। लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर छात्रा को न्याय दिलाया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।


