खैरागढ़,भोजली पर्व के अवसर पर ग्राम बाजार अतरिया में इस वर्ष भव्य भोजली महोत्सव एवं वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों एवं लोधी समाज में खासा उत्साह है। आयोजकों के अनुसार क्षेत्र में बाजार अतरिया का भोजली महोत्सव अपनी भव्यता और पारंपरिक आयोजन के लिए विशेष पहचान रखता है, जिसे देखने के लिए दूर-दराज के लोग भी पहुंचते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन 29 अगस्त 2026, शनिवार को रानी अवंती चौक, बाजार अतरिया में किया जाएगा। वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की मूर्ति का अनावरण क्षेत्रीय विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के करकमलों से किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे से होगी।
महोत्सव में विभिन्न जस मंडलियों और सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें जय मां आदि कुंवारी बालिका जस मंडली चंदैनी,जय नथेला बालिका जस मंडली यादव परिवार बाजार अतरिया, छत्तीसगढ़ के रंग सहसपुर लोहारा, कबीरधाम,म्यूजिकल ग्रुप मुरसा कला, जिला राजनांदगांव तथा छोटकु-बड़कु नाच पार्टी रंगकठेरा, खैरागढ़ प्रमुख रूप से शामिल हैं।
आयोजन के दौरान भोजली विसर्जन बीच गली से तालाब तक किया जाएगा। भोजली पर्व को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों ने समस्त लोधी समाज, बाजार अतरिया एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।




