राजनांदगांव। जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में झपटमारी का एक मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी ने नकली नोट दोगुना करने का झांसा देकर प्रार्थी से बड़ी रकम लूट ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरी रकम बरामद कर ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के गोदिया जिले के रहने वाले जयराम नागपुरे अपने साथी के साथ जमीन देखने के सिलसिले में मोहारा क्षेत्र पहुंचे थे। उनके पास जमीन का ब्याना देने के लिए करीब 1 लाख 75 हजार रुपये नकद मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी ने बातचीत के दौरान नोट दोगुना करने का लालच दिया और मौका पाकर पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से नकदी से भरा बैग बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना बसंतपुर की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिनकी तत्परता से मामले का शीघ्र खुलासा हो सका।


