खैरागढ़। साल्हेवारा क्षेत्र में मारपीट के एक मामले के बाद गवाहों से विवाद और कथित तौर पर धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पूर्व में मारपीट के मामले में जमानत पर रिहा हुए थे। इसके बाद उन्होंने मामले के गवाहों के साथ गाली-गलौज की। पुलिस ने शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 नवंबर 2026 की रात भोला पान ठेला के पास मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में जमानत पर छूटने के बाद सुभाष उर्फ शिब्बू वर्मा (22 वर्ष) और ओमकार उर्फ अजय वर्मा (21 वर्ष), निवासी झाइनगर वार्ड क्रमांक 11, साल्हेवारा पर गवाहों के पास जाकर गाली-गलौज करने का आरोप है।
सूचना मिलने पर साल्हेवारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक ग्रामीणों और पुलिस टीम द्वारा समझाइश देने के बावजूद दोनों युवक शांत नहीं हुए। इस दौरान पुलिस के साथ भी हुज्जतबाजी करने और मारपीट पर उतारू होने की बात सामने आई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के लिए धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और संभावित विवाद को रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।



