अंडर-20 राज्य स्तरीय कुश्ती में ग्रीको-रोमन 72 किग्रा वर्ग में जीता स्वर्ण, 10-12 अप्रैल को भिलाई में करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
खैरागढ़। ग्राम धौराभाटा, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़) के 18 वर्षीय पहलवान अखिल यादव ने सीमित साधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मेहनत कर कुश्ती में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
दिनांक 08 मार्च 2026 को आयोजित अंडर-20 राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में अखिल ने ग्रीको-रोमन 72 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस जीत के साथ उन्होंने जूनियर राष्ट्रीय स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित कर लिया है।
इससे पहले भी अखिल यादव कई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (अंडर-19) में फ्रीस्टाइल 65 किलोग्राम भार वर्ग में रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक जीता था। इसके अलावा सांसद खेल महोत्सव, रायपुर लोकसभा जिला स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया तथा राज्य स्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में ग्रीको-रोमन 63 किलोग्राम भार वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
गौरतलब है कि 10 से 12 अप्रैल 2026 तक भिलाई (छत्तीसगढ़) में पहली बार अंडर-20 जूनियर राष्ट्रीय स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अखिल यादव ग्रीको-रोमन 72 किलोग्राम भार वर्ग में पूरे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है तथा सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


