खैरागढ़। राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में पिछले करीब 8 माह से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पद रिक्त है। कार्यकर्ता की नियुक्ति नहीं होने के कारण केंद्र का संचालन फिलहाल केवल सहायिका के भरोसे किया जा रहा है। इससे आंगनबाड़ी केंद्र की विभिन्न गतिविधियों के प्रभावित होने की बात सामने आ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार कार्यकर्ता के अभाव में बच्चों के शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी कार्यक्रमों के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं गर्भवती एवं धात्री माताओं को मिलने वाली विभिन्न सेवाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी इसका असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि राज्यपाल द्वारा गोद लिए गए ग्राम सोनपुरी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पद लंबे समय से रिक्त होना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों और महिलाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं का जमीनी केंद्र है, ऐसे में लंबे समय तक पद रिक्त रहने से हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से रिक्त पद पर जल्द से जल्द नियुक्ति करने की मांग की है, ताकि आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन सुचारू रूप से हो सके और बच्चों एवं महिलाओं को शासन की योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिल सके।
भर्ती प्रक्रिया जारी : महिला एवं बाल विकास विभाग
इस मामले में विकासखंड महिला एवं बाल विकास अधिकारी रंजना श्रीवास्तव ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि पात्र-अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया पूरी कर कार्यकर्ता की नियुक्ति कर दी जाएगी।
अब देखना होगा कि करीब 8 माह से रिक्त इस पद पर नियुक्ति प्रक्रिया कब तक पूरी होती है और सोनपुरी आंगनबाड़ी केंद्र को नियमित कार्यकर्ता मिल पाता है।



