मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी/राजनांदगांव। जिले के मानपुर विकासखंड अंतर्गत मदनवाड़ा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब भैसाराटोला (हलबा पारा) और चावरगांव के बीच नदी किनारे रेत में दबा एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव कमर तक रेत में दबा मिला, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार नदी किनारे तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान कुत्तों द्वारा रेत खोदने से शव का कुछ हिस्सा बाहर दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर लोगों को युवक का शव रेत में दबा मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मदनवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 20 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है। शव करीब एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है और सड़न की स्थिति के कारण चेहरा स्पष्ट नहीं हो सका।
थाना प्रभारी खोमन भंडारी के अनुसार प्रथम दृष्टया गमछे से गला घोंटकर हत्या किए जाने की संभावना सामने आई है। आशंका है कि सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को नदी की रेत में दबाया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ और लापता व्यक्तियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।


