धमधा से खैरागढ़ जाने वाले मार्ग पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन लोगों की जान जा रही है। एक बार फिर धमधा की सड़क खून से लाल हो गई, जब एक भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गीरोधा थाना नंदिनी निवासी हरिश्चंद्र यादव (48 वर्ष) और ग्राम खमतराई, बेरला निवासी पीतांबर उर्फ भोले (35 वर्ष) एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बरहापुर से धमधा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार से आ रही लक्ष्मी ट्रेवल्स की बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने बताया कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


