खैरागढ़। नाबालिगों एवं युवाओं को हिंसा, अपराध और हथियारों की प्रवृत्ति से दूर रखने के उद्देश्य से खैरागढ़ पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, चौक-चौराहों, स्कूल-कॉलेज सहित युवाओं की अधिक आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर जागरूकता पोस्टर लगाए जा रहे हैं।
इन पोस्टरों के माध्यम से युवाओं से चाकू, धारदार हथियार अथवा किसी भी प्रकार के हथियार रखने और हिंसा में शामिल होने से दूर रहने की अपील की जा रही है। पुलिस द्वारा युवाओं को समझाइश दी जा रही है कि क्षणिक आवेश, आपसी विवाद या महज दिखावे के लिए हथियार रखना उनके भविष्य पर गंभीर असर डाल सकता है।
पुलिस ने अपील की है कि विवाद या तनाव की स्थिति में हिंसा का रास्ता अपनाने के बजाय संयम बरतें और जरूरत पड़ने पर परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस की मदद लें।
अभिभावकों और शिक्षकों से भी सहयोग की अपील
अभियान के दौरान पुलिस ने अभिभावकों एवं शिक्षकों से बच्चों और युवाओं की संगति, गतिविधियों एवं व्यवहार पर नजर रखने की अपील की है। साथ ही उन्हें शिक्षा, खेल, हुनर और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया है, ताकि युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगा सकें।
हथियार है तो पुलिस को सौंपें, नाम रहेगा गोपनीय
खैरागढ़ पुलिस ने यह भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार है, तो वह उसे अपने परिचित, अभिभावक या पुलिस के माध्यम से जमा कर सकता है। इसके लिए 112 पर कॉल कर पुलिस की सहायता ली जा सकती है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखना, उनका प्रदर्शन करना अथवा हिंसा फैलाना स्वीकार्य नहीं होगा। ऐसे मामलों में कानून के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खैरागढ़ पुलिस की अपील
“हथियार नहीं, हुनर अपनाएं।
हिंसा नहीं, शिक्षा और संस्कार चुनें।
आज सही रास्ता चुनें, कल भविष्य संवारें।”
सुरक्षित युवा, सुरक्षित समाज—उज्ज्वल भविष्य।




