खैरागढ़।खैरागढ़ के समीप ग्राम पंचायत संडी के आश्रित ग्राम मुड़पार में करीब 50 वर्षों से उपयोग में रही सार्वजनिक सड़क पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन दलाल कुलेश्वर सिन्हा ने सड़क मार्ग पर फेंसिंग कर रास्ता बंद कर दिया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार जिस मार्ग पर कब्जा किया गया है, वह वर्षों से गांव का आम रास्ता रहा है। सड़क बंद होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजमर्रा की ज़िंदगी प्रभावित हो चुकी है और गांव में आक्रोश का माहौल है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जमीन विक्रेता प्रह्लाद द्वारा ब्रोकर कुलेश्वर सिन्हा को लगभग 84 डिसमिल जमीन बेची गई है, लेकिन वह जमीन अब तक कुलेश्वर सिन्हा के नाम पर हस्तांतरित ही नहीं हुई है। इसके बावजूद वह न केवल जमीन पर कब्जा जमा रहा है, बल्कि 50 साल पुरानी सार्वजनिक सड़क को भी घेरने का प्रयास कर रहा है। ग्रामीणों ने इस अवैध कृत्य का जमकर विरोध किया है।
सूत्रों के अनुसार दलाल पहले ही अपने तय हिस्से से अधिक क्षेत्र पर कब्जा कर चुका है और अब गांव के मुख्य आवागमन मार्ग को भी हड़पने की नीयत से फेंसिंग कर दी गई है। सवाल यह उठ रहा है कि जब जमीन उसके नाम पर दर्ज ही नहीं है, तो आखिर किस अधिकार से वह सार्वजनिक रास्ता बंद कर रहा है।
इस पूरे मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कमीशन के खेल के चलते जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं। वहीं ग्रामीण इस अन्याय को लेकर खासे आक्रोशित हैं और जल्द ही कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाने की तैयारी कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक सड़क से तत्काल कब्जा हटाया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि गांव का आवागमन फिर से सुचारु हो सके।


