खैरागढ़। खैरागढ़ से धमधा मार्ग पर जोरातराई के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, एक 16 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक (क्रमांक CG 07 BH 5740) धमधा की ओर से खैरागढ़ की दिशा में आ रहा था। जोरातराई के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक सीधे पेड़ से टकरा गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खैरागढ़-धमधा मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही बड़ी वजह मानी जा रही है। खासकर सीमेंट से भरे ट्रकों की आवाजाही अधिक होने के कारण जोखिम और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा इस मार्ग पर रफ्तार नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई का अभाव नजर आ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत और नियमित जांच व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


