khairagarh,आज सुबह 11 बजे के आसपास खैरागढ़ से धमधा मार्ग पर एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक पाइप से लदा एक ट्रक खैरागढ़ से धमधा की ओर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम मालूद के पास तेज रफ्तार के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक सड़क से नीचे खेत में जा गिरा और उसका बॉडी हिस्सा अलग हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन चालक तेज गति के चलते ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया। दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए खैरागढ़ अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई राहगीर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खैरागढ़-धमधा मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


